कोरबा। जिले के ग्राम सोहागपुर स्थित “गौधाम सोहागपुर स्व. देवेंद्र नटदास कौशिक” गौशाला में गायों की कथित दुर्दशा, चारा-पानी की कमी और गायों की मौत के मामले को लेकर कलेक्टर को आवेदन सौंपकर तत्काल जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि गौशाला में पर्याप्त मात्रा में चारा एवं स्वच्छ पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण कई गायों की मृत्यु होने की शिकायत सामने आई है। शिकायत के आधार पर क्षेत्र के पत्रकारों एवं गौसेवा से जुड़े सदस्यों द्वारा गौशाला का निरीक्षण किए जाने की बात भी आवेदन में कही गई है। मौके पर गायों की स्थिति एवं व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आने का दावा किया गया है।
गौशाला में कार्यरत चौकीदार द्वारा भी कथित रूप से लगातार गायों की मौत होने तथा कुछ मृत गायों को परिसर के आसपास दफनाए जाने की जानकारी दिए जाने का उल्लेख आवेदन में किया गया है। शिकायतकर्ताओं ने मामले को गंभीर बताते हुए गौशाला प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
आवेदन में कलेक्टर से गौधाम सोहागपुर का प्रशासनिक एवं पशु चिकित्सा विभाग की संयुक्त टीम से तत्काल निरीक्षण, पूर्व में हुई गायों की मौत की निष्पक्ष जांच तथा आवश्यकता अनुसार पशु चिकित्सकीय परीक्षण एवं पोस्टमार्टम कराने की मांग की गई है। साथ ही गौशाला में मौजूद जीवित और मृत गायों की वास्तविक संख्या का भौतिक सत्यापन करने की मांग भी की गई है।
इसके अलावा शासन से प्राप्त अनुदान एवं सहायता राशि तथा उसके उपयोग का ऑडिट कराने, चारा-पानी, दवाइयों, पशु चिकित्सा, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं की जांच करने तथा गौशाला के पंजीयन/मान्यता और संचालन की अनुमति की भी जांच करने की मांग की गई है।
शिकायतकर्ताओं ने कहा है कि यदि जांच में गौशाला प्रबंधन अथवा किसी जिम्मेदार व्यक्ति की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही जांच पूरी होने तक गौवंश के लिए पर्याप्त चारा, स्वच्छ पानी, उपचार और सुरक्षित आश्रय की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अब प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
















