भारी-भरकम बिल से आम जनता बेहाल, कलेक्टर के जनदर्शन में अनोखा नजारा – गले में स्मार्ट मीटर लटकाकर पहुँचा उपभोक्ता, लगाई न्याय की गुहार…

Must Read

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं की मुश्किलें दिनों-दिन बढ़ती जा रही हैं। राज्य विद्युत मंडल द्वारा लगाए गए इलेक्ट्रॉनिक स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए सिरदर्द साबित हो रहे हैं। इन मीटरों से निकल रहे भारी-भरकम बिजली बिलों ने आमजन को हैरान कर दिया है।

बलौदाबाजार जिले के ग्राम सुढ़ेला निवासी विश्वनाथ भारद्वाज आज जनदर्शन कार्यक्रम में गले में स्मार्ट मीटर लटकाकर कलेक्टर दीपक सोनी के पास पहुंचे। मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले विश्वनाथ ने बताया कि पुराने मीटर से बिल सामान्य आता था, लेकिन स्मार्ट मीटर लगते ही 22 हजार रुपये का बिल थमा दिया गया। शिकायत करने पर इसे 11 हजार किया गया, जो साफ तौर पर मीटर की गड़बड़ी को दिखाता है।

विश्वनाथ ने कलेक्टर से गुहार लगाते हुए कहा कि ऐसे स्मार्ट मीटरों से हजारों उपभोक्ता परेशान हैं। मजदूरी कर जीवन यापन करना ही कठिन है, उस पर इतना अधिक बिजली बिल आना गरीब परिवारों के लिए भारी बोझ है।

कलेक्टर दीपक सोनी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर मौजूद बिजली विभाग के अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए और आश्वासन दिया कि उपभोक्ताओं की समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि सिर्फ बलौदाबाजार ही नहीं, बल्कि प्रदेश के कई जिलों से स्मार्ट मीटर को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। कुछ उपभोक्ता खुलेआम विरोध जता रहे हैं, जबकि कई मजबूरी में बिल चुका रहे हैं।

महंगाई के इस दौर में बढ़ते बिजली बिल आम जनता की जेब पर अतिरिक्त भार डाल रहे हैं। अब देखना होगा कि बिजली विभाग इस बड़ी समस्या का समाधान कैसे निकालता है और उपभोक्ताओं को राहत कब तक मिलती है।

- Advertisement -
Latest News

KORBA: शहर सौदंर्यीकरण को नित नया आयाम

कोरबा। कोरबा शहर में सौदंर्यीकरण को नित नया आयाम दिया जा रहा है। प्रदेश के उद्योग , वाणिज्य, श्रम,...

More Articles Like This