रायपुर, मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने कहा है कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की 3 करोड़ जनता की सेवा करते हुए यह जानना है कि सरकार की योजनाओं के माध्यम से “मोदी की गारंटी” के वादों का क्रियान्वयन किस स्तर तक पहुंचा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान जनता से सीधे संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं, सुझावों तथा अपेक्षाओं को जानने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके तहत लोगों से सीधा फीडबैक लेकर शासन की योजनाओं और सेवाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के माध्यम से समय पर बिजली, पेयजल और राशन जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव और उनकी पहुंच का भी मूल्यांकन किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित प्रशासन के लिए प्रतिबद्ध है। सुशासन तिहार के जरिए प्राप्त सुझावों और फीडबैक के आधार पर शासन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे प्रदेश के विकास को नई गति मिल सके।















