बिलासपुर। बिलासपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में मंगलवार को उप निरीक्षक (रीडर) रामकुमार पटेल और प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र कुमार शास्त्री के सेवानिवृत्त होने पर गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने दोनों अधिकारियों के लंबे, अनुशासित और उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

आईजी श्री गर्ग ने कहा कि दोनों अधिकारियों ने पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। उन्होंने विशेष रूप से उप निरीक्षक रामकुमार पटेल के 300 से अधिक पुरस्कारों और बेदाग सेवाकाल का उल्लेख करते हुए उन्हें पुलिस विभाग के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने दोनों अधिकारियों के सुखद, स्वस्थ एवं सफल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विभाग को आवश्यकता पड़ने पर उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ लिया जाएगा।

उप निरीक्षक रामकुमार पटेल ने मार्च 1984 में जिला बिलासपुर में आरक्षक के रूप में सेवा शुरू की थी। पदोन्नति के बाद वे प्रधान आरक्षक, सहायक उप निरीक्षक और वर्ष 2020 में उप निरीक्षक बने। उन्होंने बिलासपुर, जांजगीर, कवर्धा और कोरबा सहित विभिन्न जिलों में सेवाएं दीं तथा वर्ष 2023 से आईजी कार्यालय में रीडर के पद पर कार्यरत थे।
वहीं, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र कुमार शास्त्री ने 3 फरवरी 1994 को चालक के रूप में पुलिस विभाग में अपनी सेवा शुरू की। वर्ष 2016 में उन्हें प्रधान आरक्षक पद पर पदोन्नति मिली। उन्होंने मुंगेली और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (जीपीएम) सहित विभिन्न जिलों में सेवाएं दीं तथा वर्ष 2021 से पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में पदस्थ थे।

समारोह में उप पुलिस अधीक्षक विवेक शर्मा, निरीक्षक अशोक वैष्णव, निरीक्षक सरिता तिवारी तथा प्रधान आरक्षक ओम प्रकाश मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के अनुशासित एवं समर्पित सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में सेवानिवृत्त अधिकारियों ने सम्मान के लिए आईजी श्री गर्ग एवं समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे विभाग की सेवा और सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में आईजी राम गोपाल गर्ग ने दोनों अधिकारियों को विशेष वाहन से उनके घर के लिए रवाना करते हुए उज्ज्वल एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान विदाई का माहौल भावुक रहा। कार्यक्रम का संचालन मुख्य लिपिक संजय रावत ने किया।















