कोरबा | 08 जून 2026 अंतरराष्ट्रीय समपार फाटक जागरूकता दिवस के अवसर पर कोरबा क्षेत्र में रेलवे द्वारा एक विशेष साप्ताहिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत रेल प्रशासन लोगों को सुरक्षित सफर और रेलवे फाटकों को पार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक कर रहा है।
इन प्रमुख स्टेशनों और फाटकों पर चला अभियान
मंडल रेल प्रबंधक (DRM) राकेश रंजन के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी साकेत रंजन के निर्देशन पर रेलवे की एक संयुक्त टीम ने विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर मोर्चा संभाला। अभियान के दौरान टीम ने निम्नलिखित जगहों पर नागरिकों से सीधा संपर्क किया:
- समपार फाटक संख्या सीजी 24 (भिलाई फाटक)
- समपार फाटक संख्या सीजी 19 (पताढी फाटक)
- कोरबा रेलवे स्टेशन
- उरगा रेलवे स्टेशन
संयुक्त टीम ने संभाली कमान
इस बड़े अभियान को सफल बनाने के लिए रेलवे के विभिन्न विभागों ने एक साथ मिलकर काम किया, जिसमें मुख्य रूप से शामिल थे:
- संरक्षा विभाग
- परिचालन विभाग
- विद्युत (परिचालन) विभाग
- रेलवे सुरक्षा बल (RPF)
- इंजीनियरिंग विभाग
‘जान है तो जहान है’: बंद फाटक पार न करने की अपील
अभियान के दौरान टीम ने आम नागरिकों और यात्रियों को समझाइश दी और संरक्षा निर्देशित पर्चे भी बांटे। रेलवे अधिकारियों ने लोगों से अपील करते हुए कहा:
“समपार फाटक केवल खुले होने की स्थिति में ही पार करें। कभी भी बंद समपार फाटक के नीचे से या बगल के रास्ते से निकलने का जोखिम न उठाएं। आपकी एक छोटी सी लापरवाही आपके और आपके पूरे परिवार के लिए बड़ा नुकसान खड़ी कर सकती है।”
रेलवे का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से दुर्घटनाओं के ग्राफ को शून्य पर लाना और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी का भाव जगाना है।















