सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जमीन विवाद को लेकर हुए एक हत्याकांड में अदालत ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए एक ही परिवार के 12 लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। यह मामला वर्ष 2022 का है, जब चंदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम सेमई में हिरदलराम राजवाड़े की योजनाबद्ध हत्या कर दी गई थी। कोर्ट ने मंगलवार को फैसला सुनाते हुए सभी आरोपियों को हत्या, आपराधिक षड्यंत्र और सामूहिक हमले का दोषी माना। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ओमप्रकाश सिंह चौहान की अदालत ने कहा कि यह अपराध पूर्व नियोजित था और समाज की शांति के लिए गंभीर खतरा है।
24 जून 2022 को मृतक हिरदलराम अपने खरीदी गई जमीन का सीमांकन कराने गांव जा रहा था, तभी एक ही परिवार के 12 लोगों ने मिलकर उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की जमीन बईगासाय लोहार से खरीदी गई थी, जिस पर रिश्तेदारों का अवैध कब्जा था। दोषी पाए गए 12 आरोपियों में पांच महिलाएं भी शामिल हैं, जिनकी उम्र 24 से 65 वर्ष के बीच है। अभियोजन पक्ष की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक कृष्ण कुमार नाविक ने प्रभावी ढंग से केस की पैरवी की, जिसके आधार पर यह सख्त निर्णय सुनाया गया।















