कोरबा। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी द्वारा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों को कड़े निर्देश जारी किए गए थे।
इन्हीं निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के तीनों अनुभागों के एसडीओपी एवं समस्त थाना-चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में अपराधियों के विरुद्ध सख्त व प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में आज तड़के सुबह लगभग 04:00 बजे से जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत लूट, डकैती एवं अन्य गंभीर अपराधों में पूर्व में संलिप्त एवं जेल जा चुके आदतन अपराधियों को उनके निवास स्थानों से थाना तलब किया गया तथा थाना परिसरों में उनकी विधिवत परेड कराई गई।
इस विशेष अभियान में कुल 102 लूट-डकैती के आरोपियों को थाना तलब किया गया। सभी का रिकॉर्ड सत्यापन, पूछताछ एवं काउंसलिंग की गई और भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई।
अभियान के दौरान सक्रिय आरोपियों के विरुद्ध थाना-चौकियों द्वारा परिस्थितियों के अनुसार धारा 110, 107, 116(3), 129 बीएनएसएस के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई। कई आदतन अपराधियों के खिलाफ हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा रही है, ताकि क्षेत्र में शांति बनी रहे और अपराधों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति एवं विश्वास बनाए रखना कोरबा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कोरबा पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध संबंधी सूचना तुरंत नजदीकी थाना/चौकी या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
Must Read
- Advertisement -















