निर्माणाधीन भारतमाला सड़क एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात कार के खाई में गिरकर पलटने से युवा कांग्रेस नेता समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
कोरबा जिले में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे (Korba Road Accident) ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ा दी। निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर एक कार खाई में गिरकर तीन बार पलट गई, जिसमें युवा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उरगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ।
हादसे में मृतकों की पहचान एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक एवं वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय (बिलासपुर) और जोंधरा निवासी ऑटोमोबाइल एजेंसी संचालक ढालू अग्रवाल के रूप में हुई है। घायलों में मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला साहू और एक अन्य युवक राहुल शामिल हैं, जिनका अपोलो अस्पताल में इलाज चल रहा है।

उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी के अनुसार, चारों लोग बालको में एक परिचित की शादी समारोह में शामिल होने के लिए कार से जा रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे कोरबा शहर में प्रवेश के दौरान रास्ता भटकने के कारण उनकी कार निर्माणाधीन लेन में उतर गई। अनियंत्रित होकर कार गहरी खाई में जा गिरी और तीन बार पलट गई। राहुल राय और ढालू अग्रवाल को सिर एवं सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पीछे से आ रहे दोस्तों ने घायलों को तुरंत अपोलो अस्पताल पहुंचाया, जबकि मृतकों के शवों को केजीएन अस्पताल में रखवाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में निर्माणाधीन सड़क पर पर्याप्त संकेतक, बैरिकेडिंग या सुरक्षा व्यवस्था के अभाव की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोग और राजनीतिक हलकों में निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस हादसे के सटीक कारणों, गति और अन्य कारकों की गहन जांच कर रही है।















