कोरबा। एक सुरक्षित और पक्का घर हर परिवार के जीवन में स्थिरता, सम्मान और सुकून लेकर आता है। ऐसा ही सपना कोरबा नगर निगम के वार्ड क्रमांक 24 बुधवारी बाजार की निवासी श्रीमती मनीषा शुक्ला का साकार हुआ है। उन्हें प्रधानमंत्री आवास शहरी 2.0 योजना के तहत पक्का मकान मिला, जिससे उनका वर्षों पुराना सपना पूरा हो गया।
श्रीमती मनीषा शुक्ला एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। उनके पति विपिन कुमार शुक्ला के साथ वे लंबे समय से अपने परिवार के लिए पक्का मकान बनवाना चाहती थीं, लेकिन सीमित आय के कारण यह संभव नहीं हो पा रहा था। जिस पुराने मकान में वे रहते थे, उसकी स्थिति काफी जर्जर हो चुकी थी। बारिश के मौसम में घर में पानी टपकने और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ता था।
वर्ष 2025-26 में हुए सर्वे के दौरान उनका नाम प्रधानमंत्री आवास शहरी 2.0 योजना की सूची में शामिल किया गया। आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका आवास स्वीकृत हो गया और पहली किश्त उनके बैंक खाते में प्राप्त हुई। इसके बाद उन्होंने अपने सपनों के घर का निर्माण कार्य शुरू किया।
योजना से प्राप्त सहायता राशि के साथ अपनी जमा पूंजी जोड़कर उन्होंने एक मजबूत और सुंदर पक्का मकान बनवाया। अब उनका घर पूरी तरह तैयार हो चुका है और वे अपने परिवार के साथ नए घर में सुखद और सुरक्षित जीवन बिता रही हैं।
पक्का मकान बनने से उनके परिवार की दैनिक परेशानियां दूर हो गई हैं और समाज में उनकी प्रतिष्ठा भी बढ़ी है। श्रीमती मनीषा शुक्ला और उनके परिवार ने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके जैसे कई परिवारों के पक्के घर का सपना पूरा किया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना से पूरा हुआ मनीषा शुक्ला का सपना, पक्का घर मिलने पर जताया प्रधानमंत्री के प्रति आभार
Must Read
- Advertisement -















