प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में शामिल हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत,कहा : कोरबा में हर क्षेत्र में दिखेगा विकास,देखिए विडिओ

Must Read

कोरबा। कोरबा प्रेस क्लब द्वारा आयोजित “प्रेस से मिलिए” कार्यक्रम में शनिवार को जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रेस क्लब पदाधिकारियों एवं पत्रकारों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

कोरबा प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल ने स्वागत संबोधन के साथ कोरबा प्रेस क्लब की उपलब्धियों के बारे में ध्यानाकर्षण कराया और कहा की लंबे समय से जिले के गणमान्य व्यक्तियों, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को पत्रकारों के बीच लाकर संवाद स्थापित करने का कार्य करता आ रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार जिले के कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पत्रकारों से जिले के विकास,स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, खेल और पेयजल जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि कोरबा प्रेस क्लब एक सक्रिय और बेहतरीन संगठन है, जो पत्रकार हित में लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकार शासन की योजनाओं और विकास कार्यों को आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले चार महीनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर वहां की समस्याओं और आवश्यकताओं का अध्ययन किया गया है तथा विकास कार्यों का रोडमैप तैयार किया गया है। जिले की सड़कों को सुधारना प्राथमिकता में है। शहर के भीतर विद्युत पोल और तारों को व्यवस्थित कर अंडरग्राउंड केबलिंग की दिशा में काम किया जाएगा। साथ ही नए बायपास मार्गों का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे भारी वाहनों का दबाव कम किया जा सके।

कलेक्टर ने कहा कि बालको, एसईसीएल और एनटीपीसी क्षेत्रों में भारी वाहनों के आवागमन से प्रभावित सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा। शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत, नए आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण तथा गुणवत्तायुक्त शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। जिला मिनरल फंड का उपयोग विद्यार्थियों को शिक्षा अनुदान उपलब्ध कराने में भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कोसाबाड़ी से रिसदी तक फोरलेन सड़क निर्माण की योजना पर भी काम किया जा रहा है। खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम को आधुनिक रूप दिया जाएगा। हॉकी के लिए उच्च गुणवत्ता का मैदान और नए बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण कराया जाएगा, वहीं शासकीय कॉलेज के खेल मैदान को भी उन्नत किया जाएगा।

स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर कलेक्टर ने कहा कि जिले में नए स्वास्थ्य भवनों के निर्माण के लिए लगभग 4 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। जल्द ही सिटी स्कैन मशीन शुरू की जाएगी। खदान क्षेत्रों के लिए 10 मोबाइल मेडिकल वैन संचालित की जाएंगी तथा श्रमिकों के लिए हेल्थ इंश्योरेंस योजना की भी शुरुआत की जाएगी। आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के लिए 108 सेवा के अतिरिक्त 8 नई एम्बुलेंस की मांग शासन से की गई है।

पेयजल व्यवस्था को लेकर उन्होंने बताया कि 245 गांवों के लिए एतमानगर में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जा रहा है तथा सरफेस वाटर सप्लाई को बढ़ावा दिया जाएगा।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि दिव्यांग बच्चों की पहचान कर जून माह में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा, जहां कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए जाएंगे। कृषि क्षेत्र में भी बदलाव की योजना है। जिले में केवल 33 प्रतिशत कृषि भूमि होने के कारण सिंचित क्षेत्रों का सर्वे कराया जाएगा।

सड़क सुरक्षा को लेकर उन्होंने बताया कि हाईवे के ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए जा रहे हैं। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए घुमावदार मोड़ों एवं संवेदनशील स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था मजबूत की जाएगी।

कलेक्टर ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में कोरबा शहर और जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक विकास कार्य धरातल पर दिखाई देंगे।

- Advertisement -
Latest News

सक्ती: 20 हजार की रिश्वत लेते चंद्रपुर थाने का ASI गिरफ्तार, ACB बिलासपुर की बड़ी कार्रवाई,देखिए विडिओ

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए एसीबी (ACB) बिलासपुर की...

More Articles Like This