कोरबा। संविधान दिवस के अवसर पर आज जनपद पंचायत कोरबा के सभी पंचायतों में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। इसी क्रम में गढ़ उपरोड़ा स्थित अमृत सरोवर परिसर में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें मनरेगा मजदूर, ग्रामीणजन और पंचायत प्रतिनिधियों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। कार्यक्रम का नेतृत्व जनपद पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा किया गया।
उन्होंने सभी उपस्थितों के साथ संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया। इस अवसर पर जिला मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी, जनपद मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक, सरपंच, सचिव एवं रोजगार सहायकों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। संविधान वाचन के बाद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा जल संरक्षण के लिए सामूहिक शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों और मनरेगा श्रमिकों ने पर्यावरण संरक्षण और जल सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।















