छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। यहां बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़ी एक महिला और बाइक सवार दो युवकों को रौंद डाला। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। यह भयावह घटना धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हा स्थित चाल्हा चौक के पास 30 अक्टूबर को हुई थी।
CCTV फुटेज में दिख रहा है कि कार तेज रफ्तार में गलत दिशा से आती है और पहले महिला को टक्कर मारती है, फिर सामने से जा रहे बाइक सवारों को कुचल देती है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवारों के सिर फट गए और सभी घटनास्थल पर ही ढेर हो गए। हादसे के बाद कार से एक युवती और दो युवक उतरते नजर आए, जो तुरंत कार छोड़कर फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार युवती चला रही थी।
मृतकों की पहचान रामपुर निवासी ललिता मिंज (35), परसदा निवासी फकीर मोहन पटेल (33) और मैनपाट के अमित किंडो (26) के रूप में हुई है। ललिता मिंज सड़क किनारे खड़ी थी, जबकि दोनों युवक बाइक पर सवार होकर कापू की ओर जा रहे थे। कार की टक्कर के बाद महिला उछलकर सड़क पर जा गिरी, जबकि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कार का सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद डॉयल 112 की टीम पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने कार जब्त कर ली है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
प्रत्यक्षदर्शी प्रभा तिर्की ने बताया कि “मैं होटल से समोसा लेकर लौट रही थी, तभी देखा कि एक सफेद कार बहुत तेजी से आई और पहले महिला को टक्कर मारी, फिर बाइक सवारों को रौंद दिया। कार में दो लड़के और एक लड़की थी, जिसमें लड़की ड्राइविंग कर रही थी।”
पुलिस अब CCTV फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर फरार युवती और उसके साथियों की तलाश में जुटी है। हादसे के बाद से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने मांग की है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए।















