कोरबा | जेबी न्यूज़ | मनीष जायसवाल कोरबा के मानिकपुर क्षेत्र में एक नंदी बैल के गहरे कुएं में गिर जाने से अफरा-तफरी मच गई। कुएं में फंसा बैल बाहर निकलने के लिए लगातार संघर्ष कर रहा था और उसकी जान पर खतरा मंडरा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी (RCRS) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
RCRS के सदस्य मानस, उमेश और राज ने स्थानीय गौ सेवकों के साथ मिलकर पूरी सावधानी, सूझबूझ और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए अभियान चलाया। रस्सियों और आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद नंदी बैल को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे और टीम का उत्साहवर्धन करते रहे। जैसे ही नंदी बैल सुरक्षित बाहर निकला, वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और RCRS टीम व गौ सेवकों की सराहना करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की। राहत की बात यह रही कि नंदी बैल को कोई गंभीर चोट नहीं आई और उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया।
रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी (RCRS) ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई पशु या वन्यजीव किसी संकट में फंसा दिखाई दे, तो बिना प्रशिक्षण के स्वयं रेस्क्यू करने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से बचाव कार्य किया जा सके।
— जेबी न्यूज़, कोरबा (छत्तीसगढ़)
रिपोर्ट: मनीष जायसवाल















