कोरबा। जिले में हाल के दिनों में सामने आए विभिन्न संवेदनशील मामलों को लेकर विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) और बजरंग दल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की है। संगठन ने गौतस्करी, कथित अवैध गौमांस कारोबार, कुसमुंडा की सपना धनवार की संदिग्ध मौत, कथित धर्मांतरण गतिविधियों, चर्च संचालन तथा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट से जुड़े मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।
बजरंग दल के जिला संयोजक राणा मुखर्जी ने बताया कि संगठन की ओर से पांच प्रमुख विषयों को लेकर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की गई। उन्होंने कहा कि इन मामलों में केवल सतही कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और गहन जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए।
गौतस्करी और कथित गौमांस कारोबार की जांच की मांग
ज्ञापन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सामने आए गौतस्करी, गौवंश की कथित अवैध हत्या और गौमांस से जुड़े मामलों का उल्लेख किया गया। विशेष रूप से बालको थाना क्षेत्र के ग्राम नर्मदा में हाल ही में सामने आए कथित गौहत्या और मांस बरामदगी प्रकरण की व्यापक जांच कराने की मांग की गई।
संगठन ने पुलिस से आग्रह किया कि गौवंश की चोरी, परिवहन, खरीद-फरोख्त और कथित अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर यह भी जांच की जाए कि कहीं इसके पीछे कोई संगठित अंतरजिला या अंतरराज्यीय नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
सपना धनवार की संदिग्ध मौत की निष्पक्ष जांच की मांग
कुसमुंडा निवासी सपना धनवार की संदिग्ध मौत के मामले में भी विहिप और बजरंग दल ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। संगठन ने मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज सहित सभी तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाने तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग रखी है।
कथित धर्मांतरण और चर्च संचालन की जांच की मांग
संगठन ने पाली क्षेत्र के छिंदपानी सहित अन्य स्थानों पर कथित धर्मांतरण गतिविधियों की शिकायतों की जांच कराने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि किसी भी स्थान पर प्रलोभन, दबाव या अन्य अवैध माध्यमों से धर्मांतरण कराया जा रहा है तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा पंप हाउस क्षेत्र में चर्च संचालन, स्कूल और धार्मिक गतिविधियों से जुड़े संस्थानों की अनुमति, पंजीयन और वैधानिक स्थिति की भी जांच कराने की मांग की गई है।
सोशल मीडिया पोस्ट पर भी कार्रवाई की मांग
ज्ञापन में कुछ सोशल मीडिया पोस्टों का भी उल्लेख करते हुए संगठन ने कहा कि यदि किसी पोस्ट से धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं या सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है, तो साइबर जांच कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
विहिप और बजरंग दल ने पुलिस प्रशासन से सभी मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।















