जांजगीर-चांपा। जिले के एक शासकीय स्कूल में शिक्षक और शिक्षिका से जुड़े कथित आपत्तिजनक कृत्य का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। मामले के तूल पकड़ने पर कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) द्वारा जांच कराई गई। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विभागीय कार्रवाई के साथ ही पूरे मामले की आगे जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार पिछले दिनों इंटरनेट मीडिया पर नवागढ़ ब्लाक के ग्राम बोड़सरा के स्कूल का एक वीडियो प्रसारित हुआ था, जिसमें स्कूल परिसर के भीतर शिक्षक और शिक्षिका आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहे थे। मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए। जांच के दौरान संबंधित शिक्षकों की पहचान विद्यालय के स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों द्वारा की गई।विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों के उल्लंघन का मामला मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई।
निलंबन अवधि के दौरान संबंधित शिक्षक का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, नवागढ़ तथा शिक्षिका का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, अकलतरा निर्धारित किया गया है। नियमानुसार दोनों को जीवन-निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी शिक्षकों से उच्च नैतिकता, अनुशासन और आदर्श आचरण की अपेक्षा की जाती है। विद्यालय जैसे पवित्र स्थान पर इस प्रकार की घटना न केवल शिक्षा व्यवस्था की गरिमा को ठेस पहुंचाती है, बल्कि विद्यार्थियों और समाज के बीच गलत संदेश भी देती है। विभाग ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।















