बेमेतरा/रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक अनोखी और चर्चित तस्वीर उस वक्त सामने आई, जब छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव खुद बैलगाड़ी के सारथी बनकर भाजपा विधायक दीपेश साहू की बारात में शामिल हुए। बेमेतरा में आयोजित सामूहिक मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम के दौरान विधायक दीपेश साहू ने पारंपरिक और सादगीपूर्ण तरीके से विवाह करने का निर्णय लिया, जिसने पूरे प्रदेश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

बताया जा रहा है कि विधायक दीपेश साहू की इच्छा पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव विशेष रूप से राजधानी रायपुर से बेमेतरा पहुंचे और बैलगाड़ी में निकली बारात के सारथी बने। राजनीतिक गलियारों में यह दृश्य चर्चा का विषय बन गया, क्योंकि आमतौर पर सत्ता और राजनीतिक प्रोटोकॉल के बीच ऐसी सादगीपूर्ण तस्वीरें कम ही देखने को मिलती हैं।
सामूहिक विवाह सम्मेलन के मंच से निकली यह बारात परंपरा, संस्कृति और सादगी का प्रतीक बन गई। बैलगाड़ी में दूल्हे बने विधायक दीपेश साहू और उसकी लगाम संभाले डिप्टी सीएम अरुण साव की तस्वीरों ने कार्यक्रम को खास बना दिया। स्थानीय लोगों और समर्थकों ने इसे जनप्रतिनिधियों की जमीन से जुड़ी सोच और सामाजिक संदेश देने वाली पहल बताया।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, प्रदेश की राजनीति में यह दृश्य इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि सत्ता के शीर्ष पद पर बैठे नेता का इस तरह सारथी बनकर शामिल होना कम ही देखने को मिलता है। बेमेतरा का यह विवाह समारोह अब प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।















