कोरबा। एसईसीएल की 15 ब्लॉक कॉलोनी स्थित सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए निर्माण को ढहा दिया। यह कार्रवाई स्थानीय निवासियों की शिकायत के बाद शनिवार को की गई।
जानकारी के अनुसार, सब्जी विक्रेता गुरुचरण महतो और उनकी पत्नी प्रमिला महतो द्वारा सरकारी भूमि पर बेजा कब्जा कर मकान निर्माण किया जा रहा था। इतना ही नहीं, परिवार ने जमीन के चारों ओर बाउंड्री बनाकर अतिरिक्त क्षेत्र पर भी कब्जा करना शुरू कर दिया था, जिससे आसपास रहने वाले कई परिवारों को असुविधा हो रही थी।
स्थानीय निवासी जय किशन साहू एवं अन्य लोगों ने जब इस अवैध निर्माण का विरोध किया, तो उनके साथ मारपीट की गई। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया। बाद में मामले की शिकायत नगर निगम से की गई।
शिकायत के आधार पर नगर निगम की तोड़ू टीम शनिवार को मौके पर पहुंची और अवैध रूप से बनाई जा रही बाउंड्री तथा अन्य निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कब्जाधारी परिवार की एक महिला ने विरोध किया, लेकिन प्रशासन की कार्रवाई पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से कॉलोनी के निवासियों ने राहत की सांस ली है।















