कोरबा। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर आर्थिक तनाव के चलते आत्महत्या कर ली। युवक का शव गांव से लगे खेत में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार बटरामपुर निवासी शंकर कुमार ने कुछ महीने पहले फाइनेंस पर नई बाइक खरीदी थी। परिजनों का कहना है कि वह बाइक की किस्तें समय पर जमा नहीं कर पा रहा था, जिसके कारण वह लगातार मानसिक तनाव में था। आरोप है कि फाइनेंसर द्वारा भुगतान के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
बताया गया कि 17 जून को शंकर काम पर जाने के बाद रात करीब 9 बजे घर लौटा था। उसने बाइक घर के बाहर खड़ी की और बिना किसी को बताए कहीं चला गया। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।
अगले दिन भी उसका कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में तलाश की। जब कोई जानकारी नहीं मिली तो उरगा थाना पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की और मोबाइल लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन बटरामपुर के एक खेत के पास मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शंकर का शव परसा के पेड़ से कपड़े के फंदे के सहारे लटका मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर मर्ग कायम कर लिया गया है। युवक का मोबाइल भी जब्त कर जांच की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी हुई है।















