कोरबा (छत्तीसगढ़), 26 मार्च 2026
जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सदर कोरबा अभियान” के तहत मानिकपुर चौकी पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोना-चांदी के जेवरात, नगदी सहित लाखों रुपये का मशरूका भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले में अपराधों पर नियंत्रण के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना कोतवाली अंतर्गत चौकी मानिकपुर पुलिस ने 10 से 12 मार्च के बीच सूने मकान में हुई चोरी की घटना की जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात आरोपियों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सोना-चांदी के जेवरात, करीब 5 हजार रुपये नगद समेत कुल 2 से 3 लाख रुपये की चोरी कर फरार हो गए थे। मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी:
अरुण कुमार सतनामी (22), देवेंद्र कुमार धीवर उर्फ अंडा (20) और आकाश यादव (20) को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की घटना स्वीकार कर ली।
बरामद सामान:
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोना-चांदी के जेवरात, नगदी, कांसा-पीतल के बर्तन, पूजा सामग्री, तांबे का लोटा, चांदी के सिक्के, सोने के बिस्किट और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 331(4), 305(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
गौरतलब है कि इस मामले में पूर्व में भी तीन आरोपी—आकाश मरावी, रोहित शर्मा और निखिल बर्मन—को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घरों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। जिले में “सजग कोरबा – सदर कोरबा अभियान” के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।















