कुसमुंडा में दो दुकानों के छप्पर तोड़कर घुसे चोर, इलेक्ट्रॉनिक और डेयरी दुकान को बनाया निशाना, सीसीटीवी में कैद,व्यवसायियों में दहशत,पहले भी हो चुकी हैं ऐसी वारदात,व्यवसायियों ने मांगी सुरक्षा

Must Read

कोरबा। जिले के कुसमुंडा क्षेत्र स्थित विकास नगर शॉपिंग सेंटर में बीती रात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने छप्पर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और नगदी समेत इलेक्ट्रॉनिक सामान पार कर दिया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों में दहशत का माहौल है।

पहली चोरी शॉपिंग सेंटर की बिजली दुकान में हुई। चोर दुकान की सीमेंट वाली सीट को साइड कर फॉल सीलिंग तोड़कर नीचे उतरे। अंदर घुसते ही उन्होंने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे के तार काट दिए। लेकिन दुकान संचालक मनोज सिंह की सूझबूझ से डीवीआर सुरक्षित रहा। इसी वजह से चोरों के घुसने और कैमरे के तार काटने की घटना रिकॉर्ड हो गई। मनोज ने बताया कि दुकान से 400 से 500 रुपये नगद, ट्रिमर, टॉर्च, बैटरी और कुछ छोटे इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी हुए हैं।

दूसरी घटना शॉपिंग सेंटर के सामने सौरभ अग्रवाल की डेयरी में हुई। गुरुवार सुबह दुकान खोलने पर चोरी का पता चला। सौरभ ने बताया कि चोर गल्ले से 7 से 8 हजार रुपये की चिल्हर नगदी ले गए। दोनों दुकानों में चोर छप्पर हटाकर ही घुसे थे।

सीसीटीवी फुटेज में दो चोर दिखाई दे रहे हैं। दोनों चप्पल पहनकर आए थे। वापसी के दौरान भागते समय चोर बिजली ऑफिस की दीवार के पास चप्पल छोड़ गए। कुसमुंडा पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।

व्यवसायियों का कहना है कि कुछ माह पहले विकास नगर कॉलोनी के गुरुद्वारा कॉम्प्लेक्स स्थित नेहा रेडीमेड और इमली छापर चौक की कपड़ा दुकान में भी इसी तरह छप्पर तोड़कर चोरी हुई थी। आशंका है कि यह वही गिरोह है जो अब तक पकड़ा नहीं गया। लगातार वारदात से व्यापारी परेशान हैं।

घटना के बाद विकास नगर शॉपिंग सेंटर के व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि एक ही तरीके से बार-बार चोरी होना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है। फिलहाल कुसमुंडा पुलिस सीसीटीवी फुटेज और छोड़ी गई चप्पल के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

- Advertisement -
Latest News

महंगाई, बेरोजगारी और निजीकरण के खिलाफ CPI का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन,देखिए विडिओ

कोरबा, 5 जून। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) जिला परिषद कोरबा ने गुरुवार को महंगाई, बेरोजगारी, निजीकरण और किसानों-मजदूरों की...

More Articles Like This