कोरबा। रेलवे प्रबंधन द्वारा कथित रूप से मैले राष्ट्रीय ध्वज लगाए जाने के विरोध में युवा कांग्रेस जिला कोरबा ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस जिला महासचिव मधुसूदन दास के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रेलवे अधिकारी को ‘बेशर्म फूल’ का गुलदस्ता भेंट कर रेलवे प्रबंधन के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ-साथ ट्रेनों की लगातार हो रही लेटलतीफी और गेवरा स्टेशन से पूर्व में संचालित समस्त यात्री ट्रेनों को पुनः शुरू करने की मांग को लेकर रेलवे अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने रेलवे प्रबंधन से मैले राष्ट्रध्वज को तत्काल हटाकर नया राष्ट्रीय ध्वज लगाने तथा लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। मामले में उच्च अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मैले झंडे को उतारकर नया राष्ट्रीय ध्वज लगाने और संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही ट्रेनों की लेटलतीफी दूर करने तथा गेवरा स्टेशन से पूर्व में चलने वाली यात्री ट्रेनों को जल्द शुरू करने का भरोसा भी दिलाया। इसके बाद युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शांत हुए।
इस अवसर पर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष मनमोहन राठौर, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव प्रत्याशी अंकित श्रीवास्तव, एनएसयूआई उपाध्यक्ष आकाश राज, शैलेन्द्र कुर्रे, ब्लॉक अध्यक्ष बबलू मरूवा, कमल किशोर चन्द्रा, प्रमोद काकरे, पुष्पेंद्र कुर्रे, धनजय राठौर, लक्की राठौर, खगेश बरेठ, विनय चौहान, रोहन चौहान, सूरज चौहान, विमल चौहान, छोटू जायसवाल, बजरंग सतनामी, आयुष यादव, दीपक कुमार, मनीष यादव, मार्कण्डे बरेठ, विनायक सिदार और आदर्श सोनी सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















