अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर बालको में एटक के नेतृत्व में निकाली गई रैली, सैकड़ों मजदूर हुए शामिल

Must Read

बालकोनगर (कोरबा) । अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर एल्युमिनियम एम्पलाइज यूनियन (एटक) द्वारा परसा भाटा से शुरू कर यूनियन कार्यालय तक, ‘दुनिया के मजदूरों एक हो’ जैसे गगनभेदी नारे के साथ एक विशाल  रैली निकली गई।

रैली के यूनियन कार्यालय पहुंचने के बाद ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) के छत्तीसगढ़ प्रदेश महासचिव कॉमरेड हरिनाथ सिंह ने एटक का ध्वज फहराकर सभी श्रमिक साथियों को मजदूर दिवस की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने अपने संबोधन में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ‘मजदूर दिवस’ को मनाये जाने के कारण और उसके महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि मजदूर दिवस के महत्व को समझने के लिए हमें सर्वप्रथम वर्ष 1844 में हुए औद्योगिक क्रांति के कारण को विस्तार से समझना होगा। श्रमिकों द्वारा किए गए इस औद्योगिक क्रांति के कारण ही विश्व के कुछ पश्चिमी देशों में तकनीकी, सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक स्थितियों में काफी बदलाव आया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्रांति का सूत्रपात वर्ष  1844 में वस्त्र उद्योग की मशीनीकरण के साथ आरंभ हुआ। उस समय वस्त्र उद्योग ही इस औद्योगिक क्रांति का प्रमुख कारण रहा। बाद में इस आंदोलन में लोहा, कोयला और अन्य खनिज उद्योग की श्रम शक्तियां भी सम्मिलित हुई। उस दौरान मजदूरों से 18 से 20 घंटा या सूर्योदय से सूर्यास्त तक काम कराया जाता था।

कॉमरेड सिंह ने बताया कि शिकागो में बड़े पैमाने पर हुए इस आंदोलन को दबाने के लिए उद्योगपतियों ने मजदूरों पर बर्बरतापूर्ण तरीके से अंधाधुंध गोलियां भी चलवाई। इसके चलते बड़ी संख्या में मजदूर शहीद और घायल हुए। इस घटना ने ही मजदूरों को संगठित होने और करने का मार्ग प्रशस्त किया। कॉमरेड हरिनाथ सिंह ने बताया कि संयुक्त ट्रेड यूनियन द्वारा 20 मई 2025 को पूरे भारतवर्ष में हड़ताल किया जा रहा है, जिसकी तैयारी अभी से वृहद स्तर पर शुरू हो गई है। उन्होंने देश एवं प्रदेश के सभी मजदूरों से बड़े पैमाने पर इस हड़ताल में शामिल होने की अपील की।

रैली को बालको एटक के महासचिव सुनील सिंह ने भी संबोधित किया। उन्होंने श्रमिकों को मजदूर दिवस की बधाई देते हुए कहा कि बालको संयंत्र में मजदूरों को जो सुविधाएं लड़ाई लड़कर दिलाई गयी थी आज उसे ही प्रबंधन द्वारा कुछ यूनियनों से सांठगांठ करके धीरे-धीरे खत्म की जा रही है।

इस दौरान उपस्थित श्रमिकों ने औद्योगिक क्रांति के दौरान शहीद हुए असंख्य श्रमिकों के सम्मान में 2 मिनट का मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। 

- Advertisement -
Latest News

निजी वाहन में पुलिस सायरन का उपयोग, भिलाई बाजार भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश राठौर पर FIR दबंगई और धमकी के आरोप, राजनीतिक गलियारों में...

कोरबा.   निजी वाहन में अवैध रूप से पुलिस सायरन और हूटर का उपयोग करने के मामले में भिलाई बाजार...

More Articles Like This