अमरैयापारा में सिख परिवारों से कथित प्रताड़ना का मामला, कलेक्टर से न्याय और निष्पक्ष जांच की मांग40 वर्षों से निवासरत परिवार के मकान को लेकर विवाद, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की,देखिए विडिओ

Must Read


कोरबा। शहर के अमरैयापारा क्षेत्र में सिख समाज के कुछ परिवारों को कथित तौर पर परेशान किए जाने और धमकाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, टी.पी. नगर कोरबा की ओर से कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त को आवेदन सौंपकर न्याय, सुरक्षा और विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा, जिला कोरबा के जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह रंधावा ने भी कलेक्टर को अलग आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।


40 वर्षों से निवासरत परिवार का मामला
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के आवेदन के अनुसार, अमरैयापारा क्षेत्र में सिख समाज के कई परिवार पिछले कई दशकों से निवासरत हैं और क्षेत्र की शांति, सद्भाव एवं आपसी भाईचारे में सहभागी रहे हैं। आरोप लगाया गया है कि हाल के दिनों में कुछ लोगों द्वारा समाज के कुछ परिवारों पर मानसिक दबाव बनाया जा रहा है तथा विवाद और धमकियों के माध्यम से उन्हें परेशान किया जा रहा है।


मामले में वार्ड क्रमांक 14, मकान नंबर 974 निवासी मोहान सिंह का भी उल्लेख किया गया है। आवेदन के मुताबिक मोहान सिंह का परिवार लगभग 40 वर्षों से उक्त स्थान पर निवासरत है। तेज बारिश से पुराने मकान को नुकसान पहुंचने के बाद उसी स्थान पर मरम्मत/पुनर्निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। इस संबंध में नगर निगम में लिखित आवेदन दिए जाने की बात भी पत्र में कही गई है।


‘बाहरी’ बताकर परेशान करने का आरोप
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह रंधावा द्वारा कलेक्टर को दिए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों द्वारा राजनीतिक उद्देश्य से मोहान सिंह को ‘बाहरी’ बताकर उनके मकान को अवैध बताया जा रहा है और उन्हें परेशान किया जा रहा है।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि कोरबा शहर के बड़े हिस्से में वर्षों से पुराने मकान एवं अतिक्रमण संबंधी मामले मौजूद हैं, ऐसे में किसी एक परिवार को लक्षित करना उचित नहीं है। मोर्चा ने मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की मांग की है।


धमकी के आरोप, पुलिस से भी शिकायत का उल्लेख
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मकान को लेकर दबाव बनाने के साथ कथित तौर पर जान से मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई। आवेदन में यह भी उल्लेख है कि इस संबंध में पुलिस चौकी मानिकपुर तथा थाना कोतवाली में पूर्व में सूचना/लिखित आवेदन दिया गया है।
गुरुद्वारा प्रबंधन ने प्रभावित परिवारों को आवश्यक सुरक्षा प्रदान करने और धमकी देने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
तीन विभागों की संयुक्त जांच की मांग
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तहसीलदार, जोन कमिश्नर तथा टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (T&CP) के अधिकारियों की संयुक्त समिति गठित कर स्थल निरीक्षण कराने की मांग की है।
वहीं गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा ने भी प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच, पीड़ित परिवार को न्याय, सुरक्षा और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।


फिलहाल दोनों आवेदनों में लगाए गए आरोपों पर प्रशासन अथवा संबंधित दूसरे पक्ष की ओर से कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। दस्तावेजों और स्थल जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
JB News Korba | Manish Jaiswal
समाचार पसंद आए तो Like, Comment, Share और Subscribe जरूर करें। ❤️

- Advertisement -
Latest News

बालको मेडिकल सेंटर ने किया स्तन कैंसर की लाइव सर्जरी का आयोजन……..

कोरबा मध्य भारत में कैंसर उपचार के प्रमुख केंद्र बालको मेडिकल सेंटर (बीएमसी) ने रायपुर में चौथे वार्षिक छत्तीसगढ़...

More Articles Like This