कोरबा। सड़क पर दौड़ते वाहनों के बीच अचानक बिजली के तार मौत का फंदा बनकर झूलने लगे। खंभा टूट चुका था, बिजली के तार मुख्य मार्ग पर लटक रहे थे और इस बीच वहां से वाहनों की आवाजाही भी जारी थी। गनीमत रही कि एक स्थानीय युवक की सूझबूझ ने संभावित बड़े हादसे को टाल दिया। घटना बुधवार दोपहर कुसमुंडा-कुचेना मार्ग की है।
जानकारी के अनुसार, कोरबा की ओर से कुचेना रेलवे अंडरब्रिज पार कर गेवरा की तरफ जा रही मारुति स्विफ्ट कार (सीजी 12 बीबी 4068) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली का खंभा बीच से टूटकर दो हिस्सों में बंट गया। कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं।
दुर्घटना के बाद चालक क्षतिग्रस्त कार लेकर मौके से चला गया। कार के मौके से हटते ही टूटे खंभे के सहारे बिजली के तार नीचे झुककर मुख्य मार्ग पर लटकने लगे। इस दौरान वहां से गुजरने वाले लोगों के लिए करंट की चपेट में आने का खतरा पैदा हो गया। स्थानीय युवक नीरज बंजारे की नजर जब लटकते तारों पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी। उनकी तत्परता से तारों के कारण होने वाली संभावित अनहोनी टल गई। स्थानीय निवासियों के मुताबिक रेलवे अंडरब्रिज से कुचेना गांव की ओर जाने वाला मार्ग पहले से ही दुर्घटनाओं की आशंका से घिरा है। सड़क के दोनों ओर मकान होने के कारण रास्ता संकरा हो गया है।
वहीं सड़क की बनावट टेढ़ी-मेढ़ी और लहरदार होने से तेज रफ्तार वाहन चालकों के लिए नियंत्रण बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर सड़क की स्थिति सुधारने और गति नियंत्रण के उपाय करने की जरूरत है। एक वाहन की टक्कर से बिजली का खंभा टूटने के बाद सड़क पर लटकते तारों ने एक बार फिर इस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।















