कोरबा के लालघाट में रुकवाया गया बाल विवाह, सूचना मिलने के 25 मिनट के भीतर पहुंची चाइल्डलाइन और पुलिस की टीम

Must Read
Advertisement

अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस पर आयोग अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा की तत्परता से हुई त्वरित कार्रवाई, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत उठाए गए कदम

कोरबा। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के दिन 27 नवंबर की रात कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत लालघाट में बाल विवाह का मामला सामने आया। एक घर में बाल विवाह कराए जाने की सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा की तत्परता से चाइल्डलाइन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर विवाह रुकवा दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, बाल विवाह की शिकायत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के माध्यम से प्राप्त हुई थी। वहीं स्थानीय पत्रकारों ने भी फोन पर आयोग अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही डॉ. शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद चाइल्डलाइन की सेक्टर सुपरवाइजर और पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल लालघाट पहुंची।

खास बात यह रही कि शिकायत मिलने के महज 25 मिनट के भीतर टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक कार्रवाई करते हुए विवाह रुकवा दिया।

इस मामले में आयोग अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने स्पष्ट कहा कि छत्तीसगढ़ में किसी भी बच्चे के साथ अनाचार और अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा से मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। आयोग द्वारा बाल विवाह की रोकथाम के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते बच्चों को इस कुप्रथा से बचाया जा सके।

उल्लेखनीय है कि महिला एवं बाल विकास विभाग और छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा बाल विवाह रोकने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। विभाग ने अपील की है कि प्रदेश में कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिलने अथवा किसी बच्चे के संकट में होने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें।

समय पर दी गई एक छोटी-सी सूचना किसी बच्चे का भविष्य सुरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

- Advertisement -
Latest News

चोरी का माल खपाने वाली कड़ी पर शिकंजा क्यों नहीं? कोरबा में कबाड़ियों के हौसले बुलंद!

19 सरकारी एलईडी लाइटें गायब, कबाड़ लदे वाहन पकड़े गए, फिर भी आउटर के गोदामों और गैर लाइसेंसी कारोबार...

More Articles Like This