कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में अड़ानी पावर प्लांट से कॉपर केबल चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर करीब 30 मीटर कॉपर केबल बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर की सुबह लगभग 6 बजे अड़ानी पावर प्लांट परिसर में कॉपर केबल चोरी कर ले जाने का प्रयास किया जा रहा था। इस दौरान प्लांट के सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी अजीत कुमार टण्डन को मौके पर पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी।
सिक्योरिटी ऑफिसर नंद किशोर की रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 660/2025, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले में पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर पावर प्लांट की बाउंड्रीवॉल के पास छिपाकर रखे गए काले रंग के बैग से लगभग 30 मीटर कॉपर केबल बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी अजीत कुमार टण्डन, पिता समार साय टण्डन, उम्र 40 वर्ष, निवासी रेलवे क्रॉसिंग, भैंसमा रोड, थाना उरगा, जिला कोरबा को 25 नवंबर को शाम 4:10 बजे गिरफ्तार किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया।
कोरबा पुलिस की अपील: पुलिस ने आम नागरिकों एवं औद्योगिक संस्थानों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना अथवा डायल-112 पर दें।
सजग कोरबा, सतर्क कोरबा।















