कोरबा में I.I.M.U.N. की मॉक पार्लियामेंट में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने युवाओं से किया संवाद, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी रहे साथ

Must Read

कोरबा में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी की मौजूदगी में युवा रोजगार पर मंथन, कौशल विकास से पलायन रोकने पर जोर”

कोरबा। ऊर्जाधानी कोरबा में इंडियाज इंटरनेशनल मूवमेंट टू यूनाइट नेशन्स (I.I.M.U.N.) द्वारा “छत्तीसगढ़ में ग्रामीण कौशल विकास और स्थानीय रोजगार सृजन के माध्यम से युवा बेरोजगारी और संकटग्रस्त पलायन के दुष्चक्र को तोड़ना” विषय पर आयोजित मॉक पार्लियामेंट में रायपुर लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने युवाओं के साथ संवाद कर अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी भी उनके साथ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में युवा बेरोजगारी, कौशल विकास, स्वरोजगार और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी

सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। उनमें ऊर्जा, प्रतिभा और कुछ नया करने का जज्बा होता है। आवश्यकता है कि उनकी क्षमताओं को सही दिशा मिले और उन्हें आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं के कौशल विकास, स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना छोटे व्यवसायों के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने और पीएम विश्वकर्मा योजना पारंपरिक कारीगरों के कौशल को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। वहीं, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों से जोड़ने का माध्यम है।

गांवों में रोजगार बढ़ेगा, तभी कम होगा मजबूरी का पलायन

श्री अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के गांवों में विकास और रोजगार की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। कृषि आधारित उद्योग, वनोपज प्रसंस्करण, स्थानीय हस्तशिल्प, पर्यटन और लघु उद्यमों को प्रोत्साहन देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि जब युवाओं को अपने गांव और क्षेत्र में ही सम्मानजनक रोजगार के अवसर मिलेंगे, तो उन्हें मजबूरी में घर-परिवार छोड़कर दूसरे शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग, आधुनिक तकनीक का विस्तार और युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना ग्रामीण विकास को नई दिशा दे सकता है।

मॉक पार्लियामेंट से निखरेगा युवाओं का नेतृत्व

सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने मॉक पार्लियामेंट जैसे आयोजनों की उपयोगिता पर विचार साझा करते हुए कहा कि ऐसे मंच युवाओं को संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे युवाओं में तार्किक सोच, संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता और समस्याओं के समाधान तलाशने की प्रवृत्ति विकसित होती है।

उन्होंने युवाओं को अपने हुनर पर विश्वास रखने, नई तकनीकों को सीखने और बदलते समय के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित किया। युवाओं को नौकरी पाने के साथ-साथ उद्यमिता के माध्यम से रोजगार देने वाला बनने की दिशा में भी आगे बढ़ने की आवश्यकता है।

भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे उपस्थित

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी, सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, विपणन संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, पूर्व सभापति राम नारायण सोनी, जिला संवाद प्रमुख अर्जुन गुप्ता, मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा श्रीमती प्रीति स्वर्णकार, जिला सोशल मीडिया सह संयोजक नीरज ठाकुर, मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा निहाल सोनी, कविता सोनी, ए.के. त्रिपाठी, अमित स्वर्णकार, राखी तिवारी, बी.डी. शर्मा, करन राजपाल, पवन सिन्हा, सौरभ दुबे एवं बसंत बैरागी सहित भाजपा के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में युवाओं के भविष्य, ग्रामीण कौशल विकास और स्थानीय रोजगार सृजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। युवाओं की प्रतिभा को अवसरों से जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं को विस्तार देने पर विशेष जोर दिया गया।

- Advertisement -
Latest News

गन्ना किसानों को बड़ी सौगात, अब 425 रुपए प्रति क्विंटल की दर से होगी खरीदी, पुराने सत्र का भी बढ़ी दर से मिलेगा भुगतान

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के गन्ना किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए शक्कर...

More Articles Like This