शिक्षक राष्ट्र की नींव के शिल्पकार, भाजपा ने सम्मान कर बढ़ाया गुरुजनों का मान
कोरबा। शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय कोरबा में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के सम्माननीय शिक्षकगणों का सम्मान एवं अभिनंदन कर उनके शिक्षा, संस्कार और समाज निर्माण में दिए जा रहे अमूल्य योगदान को नमन किया गया।
कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजूदेवी राजपूत, सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह एवं पूर्व विधायक रामदयाल उईके की गरिमामय उपस्थिति रही। अतिथियों ने शिक्षकगणों को सम्मानित करते हुए कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, चरित्र और भविष्य का निर्माण भी करते हैं। राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सदैव सर्वोपरि रही है।
समारोह में शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके समर्पण, अनुशासन और सेवाभाव की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि एक शिक्षक की दी हुई सीख विद्यार्थी के पूरे जीवन को दिशा देने का कार्य करती है। इसलिए समाज में गुरुजनों का स्थान सदैव सर्वोच्च और सम्माननीय रहेगा।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, संभाग प्रभारी दुर्ग नगरीय निकाय प्रकोष्ठ नरेंद्र देवांगन, नगर पालिका अध्यक्ष सोनी झा, जिला सह संयोजक सोशल मीडिया नीरज ठाकुर एवं सपना झा सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह में सम्मानित शिक्षकगणों के चेहरों पर सम्मान और आत्मीयता की खुशी दिखाई दी। कार्यक्रम ने “गुरु ही वह शक्ति हैं, जो ज्ञान से समाज और संस्कारों से राष्ट्र का निर्माण करते हैं” के संदेश को सार्थक किया।

















