कोरबा। लुतरा शरीफ दरगाह में हजरत बाबा सैयद इंसान अली शाह का सालाना उर्स इस वर्ष 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। पांच दिवसीय उर्स को लेकर इंतजामिया कमेटी और प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजकों के अनुसार उर्स में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न हिस्सों से 2 से 3 लाख जायरीन के पहुंचने की संभावना है।
इंतजामिया कमेटी दरगाह लुतरा शरीफ के अध्यक्ष इकबाल हक ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि उर्स में देश के अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में अकीदतमंद और जायरीन शामिल होंगे। संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन के सहयोग से साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा, आवागमन, ठहरने और विश्राम सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने की तैयारी की जा रही है।
परचम कुशाई से होगा उर्स का आगाज
पांच दिवसीय आयोजन की शुरुआत दरगाह परिसर में परचम कुशाई की रस्म के साथ होगी। दुआ और अकीदत के बीच मुख्य परचम फहराया जाएगा। इसके बाद संदल-चादर का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में जायरीन शामिल होंगे।
उर्स के दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी श्रृंखला आयोजित की जाएगी। रात 10 बजे ऑल इंडिया नातिया मुशायरा होगा, जिसकी सदारत कारी शब्बीर अहमद अशरफी, कोरबा करेंगे। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे शायर नात और मनकबत पेश करेंगे।
तकरीर और कव्वाली से सजेगी उर्स की महफिल
उर्स के दौरान तकरीर और कव्वाली के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार देश के कुछ राज्यों से कलाकारों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में जायरीन के शामिल होने की उम्मीद है।
आयोजन को सफल बनाने के लिए कमेटी द्वारा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रेस कांफ्रेंस में कमेटी के कोषाध्यक्ष फैजान अहमद शेबू, जावेद रब्बानी, मो. सज्जाद सिद्दिकी, मुशर्रफ खान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

















