कोरबा। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र स्थित घुड़देवा खदान 3/4 में डकैती एवं केबल चोरी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी और कथित मास्टरमाइंड धरम सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी खदान एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी, डकैती और लूट की घटनाओं में संलिप्त रहा है।

पुलिस ने बताया कि मामले में अपराध क्रमांक 179/2026 दर्ज कर पूर्व में कार्रवाई की जा चुकी है। प्रकरण में शामिल 3 बालिग आरोपियों को जेल भेजा गया है, जबकि 7 विधि से संघर्षरत बालकों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा जा चुका है।
मुख्य आरोपी धरम सिंह राजपूत की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से केबल तार काटने में इस्तेमाल किया जाने वाला हथियार तथा घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर उप जेल कटघोरा भेज दिया है। बांकीमोंगरा पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच एवं अन्य संलिप्त आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

















