रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षण सत्र 2026-27 के लिए शासकीय, अनुदान प्राप्त एवं गैर-अनुदान प्राप्त शालाओं के साथ डीएड, बीएड और एमएड महाविद्यालयों में दशहरा, दीपावली एवं शीतकालीन अवकाश की घोषणा कर दी है। शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार विद्यार्थियों और शिक्षकों को तीनों अवसरों पर कुल 15 दिनों का अवकाश मिलेगा।
स्कूल शिक्षा विभाग ने 21 सितंबर 2026 को जारी आदेश में अवकाश की तिथियां निर्धारित की हैं। इसके तहत दशहरा अवकाश 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक रहेगा। वहीं दीपावली अवकाश 6 नवंबर से 10 नवंबर 2026 तक घोषित किया गया है।
इसी तरह वर्ष के अंत में शीतकालीन अवकाश 24 दिसंबर से 28 दिसंबर 2026 तक रहेगा। तीनों अवकाशों की अवधि 5-5 दिन निर्धारित की गई है।
इस तरह रहेगा अवकाश
दशहरा: 17 से 21 अक्टूबर 2026 — 5 दिन
दीपावली: 6 से 10 नवंबर 2026 — 5 दिन
शीतकालीन: 24 से 28 दिसंबर 2026 — 5 दिन
कुल अवकाश: 15 दिन
शासन के आदेश में बताया गया है कि ये अवकाश शिक्षण सत्र 2026-27, जो 16 जून 2026 से 31 मार्च 2027 तक निर्धारित है, के अंतर्गत लागू होंगे। आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार स्कूल शिक्षा विभाग के उप सचिव रामेश्वर प्रसाद वर्मा के डिजिटल हस्ताक्षर से जारी किया गया है।

















