कोरबा। निहारिका क्षेत्र स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स में मिठाई और पकवान तैयार करने में उपयोग होने वाले बर्तनों को बाथरूम में धोने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए खाद्य विभाग की टीम ने सोमवार को प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया, जहां जांच के दौरान वीडियो में दिखाई गई व्यवस्था की सत्यता सही पाई गई।
निरीक्षण में प्रतिष्ठान की स्वच्छता एवं हाइजीन व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता सामने आने पर खाद्य विभाग ने संबंधित फर्म को नोटिस जारी किया है। विभाग ने प्रतिष्ठान संचालक को निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों के अनुरूप व्यवस्था दुरुस्त करने तथा आवश्यक सुधार कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
हाइजीन व्यवस्था दुरुस्त होने तक क्रय-विक्रय बंद
खाद्य विभाग के अनुसार, जब तक प्रतिष्ठान में निर्धारित स्वच्छता और हाइजीन व्यवस्था में सुधार नहीं किया जाता, तब तक न्यू दिल्ली स्वीट्स में खाद्य पदार्थों का क्रय-विक्रय बंद रहेगा। साथ ही प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस भी सस्पेंड रहेगा।
बताया गया कि प्रतिष्ठान में पहुंचे एक ग्राहक ने बर्तनों की सफाई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था। वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और वायरल वीडियो में दिखाई गई स्थिति की पुष्टि की।
विभागीय कार्रवाई के बाद अब प्रतिष्ठान को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना होगा। सुधार कार्य पूरा होने के बाद विभाग द्वारा व्यवस्था का निरीक्षण किए जाने के बाद ही आगे की प्रक्रिया तय होगी।
प्रेम जनरल स्टोर से चायपत्ती का सैंपल लिया
इधर, दर्री रोड स्थित प्रेम जनरल स्टोर के खिलाफ मिली शिकायत के आधार पर भी खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने प्रतिष्ठान से चायपत्ती का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। सैंपल की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खबर का असर: खाद्य प्रतिष्ठानों में हाइजीन पर बढ़ी निगरानी
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के बाद खाद्य विभाग द्वारा की गई जांच में वीडियो की सत्यता सही पाए जाने और प्रतिष्ठान का क्रय-विक्रय बंद करने तथा खाद्य लाइसेंस सस्पेंड करने की कार्रवाई से खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर निगरानी का संदेश गया है। खाद्य विभाग की कार्रवाई के बाद अब अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में भी स्वच्छता और हाइजीन मानकों के पालन को लेकर सतर्कता बढ़ने की उम्मीद है।

















