कोरबा। एक कार चालक द्वारा नशे की हालत में कई जगह दुर्घटना को अंजाम देते हुए बुधवारी बाजार के पास दुकान किनारे जा घुसा।
मिली जानकारी के अनुसार एक कार चालक नशे की हालत में पथर्रीपारा रोड से तेज रफ्तार में आते हुए बुधवारी बाजार में साहू समोसा के दुकान के पास जा घुसा। आज साहू समोसे वाले का दुकान बंद होने से वहाँ कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन बताया जा रहा है कि पथर्रीपारा के पास दो जगह दुर्घटना करते हुए भागा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पीछे जो दुर्घटना हुई है उसमें इंदिरा चौक के पास दो बच्चों को कार ने चपेट में लिया है जिसमें से एक बच्चे की मौत हो चुकी है। मौके पर पुलिस की टीम पहुंच गई है। कार्यवाही जारी है।
यहां के लोगों ने उसे रोका तो वह कार भगाते हुए निकल गया। दोनों हादसे करते हुए कार लहराकर पार्षद मुकेश राठौर के घर से पहले दूसरे साइड गई जहां एक साइकिल सवार को भी रौंद दिया। इसके बाद तेज रफ्तार से कार दौड़ाते हुए आगे बढ़ा तो सरस्वती शिशु मंदिर से आगे cseb डिपो के निकट एक अन्य मोटरसाइकिल सवार को विपरीत दिशा में जाकर चपेट में लिया और यहां से करीब 100 से 150 मीटर दूर तक मोटरसाइकिल को फंसी हालत में घसीटते हुए ले गया। बताया गया कि कार में पथर्रीपारा में हुए हादसे के दौरान बच्ची भी फंसी थी,पर उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा है।

कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि साहू समोसा वाला के ठेला के पहले लगे पार्षद के नाम वाले खंबे को उखाड़ते हुए आगे जाकर थम गई और बाइक कार में फंसी ही थी। कार का एयर बलून खुल जाने से चालक तो बच गया लेकिन कई जिंदगी खतरे में डाल गया। यदि कार की रफ्तार थमी नहीं होती तो यह आसपास के अन्य लोगों को भी चपेट में ले लेता।
इन हादसों के कारण हुई तेज धमाके की आवाज सुनकर पथर्रीपारा से लेकर बुधवारी बस्ती तक के लोगों में अफरा-तफरी मची रही। जिसने भी हादसे को देखा, उनका कलेजा कांप उठा कि इसमें सवार लोगों के साथ क्या हुआ होगा? बताया गया कि एक बाइक में 6 साल की बच्ची भी सवार थी और कार में फंस गई थी, जिसका कुछ पता नहीं चल रहा है। टीवीएस चैम्प में सवार की पहचान निहारिका क्षेत्र में रजाई गद्दा बेचने वाले के रूप में हुई है। यामाहा चालक के दोनों पैर कुचल गए हैं। कुल 4 से 5 व्यक्ति व एक मासूम बच्ची के इस हादसे में प्रभावित होने की प्रारम्भिक जानकारी है।

हादसे से आक्रोशित लोगों ने कार चालक की जमकर खबर ली। चालक राहुल यादव निवासी ढोढ़ीपारा का निवासी व सीएसईबी कर्मचारी है। उसका दांया हाथ फ़्रैक्चर है जिस पर प्लास्टर चढ़ा है और नशा की हालत में था। इधर सूचना मिलने उपरांत सिविल लाइन और सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र से स्टाफ ने पहुंचकर राहुल यादव को अपने कब्जे में लिया। सड़क पर भीड़ इतनी आक्रोशित थी कि वह चालक को छोड़ने को तैयार नहीं थी। किसी तरह भीड़ से निकालकर चालक को पुलिस वाहन में बिठाया गया लेकिन लोगों ने पुलिस वाहन का भी पीछा किया। सड़क जाम होने की वजह से जब थोड़ी देर के लिए पुलिस वाहन रुकी तो इस बीच आरोपी को गाड़ी से निकाल कर फिर लोगों ने पीटना शुरू कर दिया। काफी मशक्कत कर लोगों के चंगुल से उसे छुड़ाकर फिर गाड़ी में बिठाकर सिविल लाइन थाना ले जाया गया। दुर्घटना में घायल हुए लोगों के नाम,पता के संबंध में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।















