कोरबा, JB न्यूज़।
कोरबा शहर की सड़कों की बदहाली अब जानलेवा साबित हो रही है। सर्वमंगला से गेवरा जाने वाली मुख्य सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है और बारिश के मौसम में हालात और भी भयावह हो गए हैं। इस सड़क पर चलना जोखिम भरा हो चुका है, जहां कभी भी गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से सड़क सुधार की मांग लगातार की जा रही है, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस ओर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे रहे। JB न्यूज़ कोरबा के संवाददाता मनीष जायसवाल लगातार इस गंभीर विषय को उजागर कर रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन पर इसका कोई असर नहीं दिख रहा।
पुराना कोरबा, अग्रेशन मार्ग, ट्रांसपोर्ट नगर समेत शहर के कई इलाकों की सड़कों की हालत दयनीय है। बरसात में गड्ढे जलभराव से भर जाते हैं और वाहन चालकों के लिए यह जानलेवा साबित हो रहा है।
जनता का आरोप है कि हर साल सड़कों पर सिर्फ डामर की परत चढ़ा दी जाती है, जिससे कुछ समय के लिए दिखावा हो जाता है, लेकिन हकीकत में सड़कें कमजोर बनी रहती हैं। भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के चलते गुणवत्ता से समझौता होता है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अब सब्र का बांध टूटता जा रहा है और यदि जल्दी समाधान नहीं निकला तो जन आंदोलन की राह पकड़नी पड़ेगी।
प्रशासन को चाहिए कि वह तुरंत संज्ञान लेकर इस मार्ग की मरम्मत करे, ताकि और किसी की जान न जाए और कोरबा की जनता को राहत मिल सके।
JB न्यूज़ कोरबा के लिए मनीष जायसवाल की रिपोर्ट।















