कोरबा, 22 जुलाई 2025 — कोरबा नगर निगम की टेंडर प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। वार्ड क्रमांक 14, अमरैय्यापारा में पावर टावर के पास नाला व सीसी सड़क निर्माण कार्य की निविदा (ई-निविदा क्र. 168445, दिनांक 09.07.2025) को लेकर नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने गंभीर आरोप लगाते हुए महापौर संजू देवी राजपूत को कठघरे में खड़ा किया है।
साहू ने प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री एवं कोरबा जिला के प्रभारी मंत्री अरुण साव को पत्र लिखकर टेंडर प्रक्रिया में की गई अनियमितताओं की शिकायत की है। पत्र में उन्होंने बताया कि निगम प्रशासन द्वारा साजिश के तहत टेंडर में शामिल कुल 18 ठेकेदारों में से 16 के आवेदन नियमों के विरुद्ध निरस्त कर केवल 2 ठेकेदारों के नाम पर टेंडर खोला गया। उन्होंने सवाल उठाया है कि जब शेष 16 ठेकेदारों ने भी समान दस्तावेज प्रस्तुत किए थे, तो उन्हें निविदा से बाहर क्यों किया गया?
साहू ने इसे स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के सिद्धांतों के विरुद्ध बताया और कहा कि कम से कम तीन पात्र ठेकेदारों को टेंडर प्रक्रिया में शामिल किया जाना चाहिए था। उन्होंने यह भी बताया कि इस टेंडर में केवल 3 प्रतिशत बिलो रेट पर कार्य स्वीकृत किया गया है, जबकि निगम के अन्य समान कार्य 20 प्रतिशत तक बिलो रेट पर प्रगतिरत हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि इस कार्य की पूर्व में भी निविदा जारी हुई थी, लेकिन तकनीकी कारणों से उसे निरस्त कर दिया गया। अब इसे दूसरी निविदा मानते हुए जल्दबाजी में वर्क ऑर्डर जारी करने की तैयारी की जा रही है, जबकि इसे पहली निविदा मानते हुए प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए थी।
साहू ने आरोप लगाया कि महापौर संजू देवी राजपूत द्वारा अपने “चहेते ठेकेदार” को लाभ पहुंचाने के लिए नियमों को दरकिनार कर भ्रष्टाचार किया जा रहा है।
इस मुद्दे पर राजनीतिक गर्माहट बढ़ने की संभावना है और अब निगाहें शासन-प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।
संलग्न: कृपाराम साहू का फोटो
रिपोर्टर: मनीष जायसवाल jb news korba
कार्यालय महामंत्री, जिला कांग्रेस कमेटी, कोरबा















