रायगढ़, 30 जनवरी।
सोशल मीडिया पर श्री सत्यनारायण बाबा जी को लेकर अत्यंत आपत्तिजनक, अशोभनीय एवं निंदनीय टिप्पणी करने वाले युवक के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फेसबुक अकाउंट “Soozoo” से श्री सत्यनारायण बाबा जी के विरुद्ध आपत्तिजनक वीडियो/पोस्ट वायरल की गई थी, जिसकी लिखित शिकायत पुलिस को प्राप्त हुई। मामला जैसे ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आया, उन्होंने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
निर्देशों के पालन में थाना कोतरारोड़ एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम द्वारा अपराध क्रमांक 29/2026 धारा 353, 299 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर एक टीम कोरबा रवाना की गई, जहां कोरबा पुलिस के सहयोग से आरोपी सरोज रात्रे पिता राम लकेश्वर रात्रे (उम्र 32 वर्ष), निवासी सलिहाभांठा, थाना उरगा, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री साझा करने में प्रयुक्त विवो मोबाइल फोन भी जप्त किया है। थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में प्रकरण की विवेचना जारी है तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इस संबंध में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में गठित सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल लगातार सोशल मीडिया गतिविधियों पर निगरानी रखे हुए है। उन्होंने आम नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली किसी भी सामग्री पर पुलिस सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।
इस कार्रवाई में एसएसपी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं श्री अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में थाना कोतरारोड़ व साइबर थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।















