कोरबा। शहर के होटल ब्लू डायमंड में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसमें लायंस क्लब द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार की जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम में गवर्नर पीएमजेएफ लायन विजय अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता पीएमजेएफ लायन कैलाश नाथ गुप्ता ने की।
कार्यक्रम में लायन दीपक अग्रवाल (अध्यक्ष), लायन शिव जायसवाल (सचिव) एवं लायन महेश अग्रवाल (कोषाध्यक्ष) सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रेस वार्ता का मुख्य उद्देश्य समाजसेवा से जुड़े विभिन्न अभियानों—मोतियाबिंद ऑपरेशन, अंधत्व निवारण, भूख उन्मूलन, गरीबों को राशन वितरण, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण, बच्चों के कैंसर के इलाज एवं जांच, राहत कार्य, जिला स्कॉलरशिप, स्किल डेवलपमेंट और ब्लड डोनेशन—के बारे में व्यापक जानकारी देना था।
इस अवसर पर अध्यक्ष कैलाश नाथ गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम का नाम ‘काव्या’ रखा गया है। उन्होंने कहा कि ‘काव्या’ केवल एक नाम नहीं, बल्कि एक अभिव्यक्ति है, एक सुंदर रचना है, जो उनके जीवन की प्रेरणा उनकी बेटी के नाम पर आधारित है।
उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से अपील की कि वे इन जनकल्याणकारी योजनाओं में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि जरूरतमंद लोगों तक अधिक से अधिक सहायता पहुंचाई जा सके।















