महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कोरबा में ‘नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम’ का भव्य आयोजन किया गया। टी.पी. नगर स्थित राजीव गांधी ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में 1000 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और राजनीतिक भागीदारी को बढ़ाने के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अभियान और नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं की भूमिका मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

महापौर ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का प्रावधान महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में सशक्त बनाने का बड़ा कदम है, जिससे देश के विकास में उनकी भागीदारी और अधिक मजबूत होगी।

महिला सम्मेलन और जागरूकता गतिविधियां
कार्यक्रम के तहत महिला सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता, कामकाजी महिलाएं और गृहणियों सहित विभिन्न वर्गों की महिलाओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान मानव श्रृंखला बनाकर एकजुटता का संदेश दिया गया और हस्ताक्षर अभियान चलाकर महिलाओं ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।

सरकारी योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना और उज्ज्वला योजना से लाभान्वित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। महिलाओं ने इन योजनाओं से मिले लाभों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और महापौर संजूदेवी राजपूत के प्रति आभार व्यक्त किया।

बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति
इस अवसर पर वीना शर्मा, रूखमणी नायर, प्रीति स्वर्णकार, संतोषी दीवान, ज्योति पाण्डेय, वैशाली रत्नपारखी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।















