कोरबा। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, जिला कोरबा द्वारा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। भाजपा जिला कार्यालय, टी.पी. नगर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठजनों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान भी किया गया।
संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने बाबा साहेब के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन अत्यंत प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने बताया कि आज़ादी से पहले और बाद दोनों ही दौर में बाबा साहेब का राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक योगदान रहा। वे एक महान विधिवेत्ता, समाज सुधारक, प्रख्यात शिक्षाविद और भारतीय संविधान के शिल्पकार थे।
कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब द्वारा निर्मित संविधान देश की सबसे बड़ी ताकत है और उसका पालन करना ही सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने बताया कि आंबेडकर जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें स्मारक स्थलों की साफ-सफाई, दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण शामिल है।

उन्होंने “घर चलो, बस्ती चलो” अभियान का भी उल्लेख करते हुए बताया कि कार्यकर्ताओं ने बस्तियों में पहुंचकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया और जरूरतमंद परिवारों के साथ भोजन कर छुआछूत जैसी कुरीतियों को खत्म करने का प्रयास किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस दौरान भाजपा के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।















