कोरबा में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 16 टन लोहे का कबाड़ और 4 वाहनों को जब्त किया है। पुलिस द्वारा जब्त मशरूका और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 13.40 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिले में कबाड़ चोरी, अवैध परिवहन और संदिग्ध कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले तथा नगर पुलिस अधीक्षक विमल पाठक और प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
उरगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
थाना उरगा पुलिस ने 6 जून को मुखबिर की सूचना पर ग्राम कुरूडीह स्थित एक बंद परिसर में दबिश दी। थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन पटेल के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में भारी मात्रा में लोहे का कबाड़ बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से एक माजदा डीआरएस पिकअप, एक 407 ट्रक और एक अन्य ट्रक सहित कुल 3 वाहन जब्त किए। इन वाहनों में लगभग 14 टन लोहे का कबाड़ और मोटरसाइकिल के कटे हुए पार्ट्स पाए गए। जब्त सामग्री और वाहनों की अनुमानित कीमत 12.60 लाख रुपये आंकी गई है।
कुसमुंडा पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वहीं थाना कुसमुंडा पुलिस को वैशालीनगर जरहाझेल 06 नंबर बेरियर मार्ग पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन खड़े होने की सूचना मिली। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
वाहन क्रमांक CG-10-E-8576 से लोहे की जाली, पाइप, रोलर और अन्य सामग्री सहित लगभग 2 टन लोहे का कबाड़ बरामद किया गया। वाहन और कबाड़ से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने उसे जब्त कर लिया।
धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में जब्त कबाड़ संदिग्ध और लावारिस प्रकृति का पाया गया। संबंधित व्यक्तियों द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर समस्त मशरूका को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
अवैध कारोबारियों में हड़कंप
लगातार हो रही कार्रवाई से जिले में अवैध कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कबाड़ चोरी, अवैध परिवहन और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कोरबा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी के माल के अवैध कारोबार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।















