कोरबा। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत शहर में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में आयोजित इस फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारियों एवं पुलिस सहायता केंद्रों के अधिकारियों सहित लगभग 70 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
फ्लैग मार्च टी.पी. नगर चौक से प्रारंभ होकर शारदा विहार तिराहा, सुनालिया चौक, पावर हाउस रोड, ओवरब्रिज के नीचे होते हुए पुराना बस स्टैंड तक निकाला गया। इस दौरान पुलिस बल ने पैदल मार्च कर आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और असामाजिक तत्वों को कानून व्यवस्था बनाए रखने का स्पष्ट संदेश दिया।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से मोहर्रम पर्व को पारंपरिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनाने, अफवाहों से दूर रहने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में लगातार निगरानी, प्रभावी पुलिसिंग एवं अपराध नियंत्रण की कार्रवाई जारी है। पुलिस का उद्देश्य प्रत्येक पर्व एवं आयोजन को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना तथा जिले में आपसी भाईचारा, विश्वास और सौहार्द की भावना को और मजबूत करना है।















