कटघोरा पुलिस की बड़ी सफलता: बहुचर्चित राज ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार,देखिए विडिओ

Must Read

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के बहुचर्चित राज ज्वेलर्स, छुरी लूट प्रयास मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 1 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1 बजे तीन बदमाश बिना नंबर प्लेट की चोरी की मोटरसाइकिल से राज ज्वेलर्स पहुंचे। तीनों ने गमछे से चेहरा ढंका हुआ था, जिनमें एक आरोपी महिला के भेष में था। चांदी की अंगूठी खरीदने के बहाने दुकानदार को काउंटर तक बुलाया गया। इसके बाद एक आरोपी ने दुकान का दरवाजा बंद कर दिया, दूसरे ने देशी कट्टा तान दिया और मिर्च पाउडर डालने की कोशिश की। इसी दौरान तीसरा आरोपी आभूषण बैग में भरने लगा।

हालांकि बाहर लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी घबरा गए और मौके से भाग निकले। भागते समय वे चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टा घटनास्थल पर ही छोड़ गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, साइबर तकनीक और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर सहित कई क्षेत्रों में दबिश दी गई।

कार्रवाई के दौरान गोपाल सिंह गोंड और परदेशी राठिया को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी पहले हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों में जेल जा चुके हैं। जेल में ही उनकी दोस्ती हुई थी, जहां उन्होंने रिहाई के बाद लूट की योजना बनाई थी।

पुलिस ने बताया कि वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल चोरी की थी तथा अपराध में देशी कट्टे का इस्तेमाल किया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी विष्णु प्रसाद राठिया की तलाश लगातार जारी है।

इस कार्रवाई में थाना कटघोरा, साइबर पुलिस थाना एवं विशेष टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की।

JB News Korba Chhattisgarh
रिपोर्ट: मनीष जायसवाल (JB)

- Advertisement -
Latest News

धान खरीदी की तैयारियों में लापरवाही न हो, किसानों के सभी खसरे एग्रीस्टैक में दर्ज करें – कलेक्टर कुणाल दुदावत

21 अक्टूबर तक किसानों के सभी खसरों का एग्रीस्टैक से मिलान कर प्रमाण-पत्र देने के निर्देश**वनपट्टा एवं अन्य विशेष...

More Articles Like This