कोरबा। अगर आप रोजाना शाम के समय सोनालिया पुल, टी.पी. नगर और नया बस स्टैंड क्षेत्र से गुजरते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। शहर की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था पर आखिरकार जिला प्रशासन ने सख्त फैसला लेते हुए बसों और ट्रैक्टरों की एंट्री पर शाम 5 बजे से प्रतिबंध लगा दिया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के आदेश के बाद अब यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी।
शहर के सबसे व्यस्त मार्ग सोनालिया पुल से नया बस स्टैंड चौक और टी.पी. नगर चौक तक शाम के समय बसों और ट्रैक्टरों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन का मानना है कि इन भारी वाहनों की वजह से रोजाना घंटों तक जाम लगता है, जिससे आम नागरिकों, मरीजों, स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
यातायात पुलिस की रिपोर्ट, अधिकारियों की बैठक और विभिन्न विभागों से मिले सुझावों के बाद यह फैसला लिया गया है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस कदम से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा।
जानिए अब किस रास्ते से चलेंगी बसें
चांपा की ओर से आने वाली बसें ओवर ब्रिज, राताखार और स्टेडियम रोड होते हुए नए बस स्टैंड पहुंचेंगी।
बिलासपुर और हरदीबाजार की ओर से आने वाली बसें सर्वमंगला पुल, राताखार बायपास और स्टेडियम रोड के रास्ते संचालित होंगी।
ट्रैक्टर चालकों के लिए भी नया रूट तय
गिट्टी, मिट्टी, सीमेंट और अन्य निर्माण सामग्री लेकर शहर में प्रवेश करने वाले ट्रैक्टर अब सीतामढ़ी, ओवर ब्रिज, राताखार, तुलसी नगर, स्टेडियम रोड और सीएसईबी चौक से होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे। वापसी भी इसी मार्ग से करनी होगी।
उल्लंघन किया तो होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस को नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
लोगों की नजर अब इस पर
शहरवासियों का कहना है कि सिर्फ बस और ट्रैक्टरों पर रोक लगाने से समस्या पूरी तरह खत्म नहीं होगी। सड़क किनारे अवैध पार्किंग, ऑटो की मनमानी और अतिक्रमण पर भी सख्त कार्रवाई जरूरी है। अब देखना होगा कि प्रशासन का यह फैसला कोरबा को ट्रैफिक जाम से कितनी राहत दिला पाता है।















