कोरबा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कोरबा शहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे छात्रों के संघर्ष की जीत बताते हुए भव्य विजय जुलूस निकाला। यह जुलूस वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में पुराना बस स्टैंड से पुराना रेलवे फाटक परिसर तक निकाला गया। हाल के छात्र आंदोलनों और परीक्षा अनियमितताओं को लेकर बने दबाव के बीच धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दिया।
विजय जुलूस में कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में पार्टी के झंडे लेकर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और छात्रों के संघर्ष को लोकतंत्र की जीत बताया।
इस अवसर पर जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि यह जीत देशभर के उन छात्रों की है जिन्होंने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर लगातार आवाज़ उठाई। उन्होंने कहा कि युवाओं की एकजुटता ने सरकार को निर्णय लेने पर मजबूर किया और यह लोकतंत्र की शक्ति का प्रमाण है।
रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिन्दाबाद के नारो से विशाल विजय जुलूस निकाला। पूरे मार्ग में उत्साहपूर्ण माहौल रहा और बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भी विजय जुलूस का स्वागत किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।















