कोरबा। जिले के छुरी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में अव्यवस्थाओं से नाराज़ छात्रों का गुस्सा शनिवार को सड़क पर फूट पड़ा। छात्रों ने विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में लंबे समय से कई तरह की समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। छात्रों ने विद्यालय के प्राचार्य और अधीक्षिका को तत्काल हटाने की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई।फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है। छात्रों की मांगों पर क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।















