रायपुर। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों और बुनकर समाज को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर ग्रामोद्योग विभाग की ओर से बुनकर सम्मेलन एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में बुनकर समाज के लोगों ने हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बुनकर समाज के उत्थान के लिए सरकार उनके साथ खड़ी है। पिछले ढाई वर्षों में बुनकरों के हित में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के बुनकरों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उनका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए देश के पांच हवाई अड्डों पर शोरूम स्थापित किए जा रहे हैं। इससे छत्तीसगढ़ के हथकरघा उत्पादों को देशभर में नई पहचान और बाजार मिलने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के कार्यक्रम में बुनकरों ने अपने पारंपरिक उत्पादों और कला का प्रदर्शन किया। सम्मेलन एवं प्रदर्शनी के माध्यम से छत्तीसगढ़ की हथकरघा परंपरा, बुनकरों की मेहनत और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बुनकर समाज के आर्थिक और सामाजिक उत्थान के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि प्रदेश की पारंपरिक बुनकरी कला को नई पहचान के साथ बुनकरों को बेहतर अवसर मिल सकें।
JB News Korba | मनीष जायसवाल















