SECL देव माइनिंग में नौकरी के नाम पर 4 लाख की ठगी का आरोप, फर्जी गेटपास ने खड़े किए सवाल, जनदर्शन में हुई शिकायत…

Must Read

कोरबा। एसईसीएल गेवरा क्षेत्र में कार्यरत ठेका कंपनी देव माइनिंग में नौकरी लगाने के नाम पर पांच बेरोजगार युवकों से 80-80 हजार रुपये लेकर कुल 4 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत में बांकीमोंगरा निवासी राजू सोनवानी और उमेश बंजारे पर नौकरी लगाने के नाम पर रकम लेने और बाद में पैसा वापस नहीं करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के अनुसार दिसंबर 2025 से संतराम निवासी निरतु, भीम सिंह निवासी घाटपार, दीनदयाल निवासी बोईदा, अनिल कुमार निवासी जमनीमुड़ा तथा धीरपाल सिंह निवासी बसीबार से एक सप्ताह के भीतर देव माइनिंग में वैकल्पिक रोजगार दिलाने के नाम पर 80-80 हजार रुपये लिए गए। आरोप है कि रकम लेने के बाद बेरोजगारों को एसईसीएल गेवरा क्षेत्र के परिचय पत्र यानी गेटपास तथा देव माइनिंग के ए-फार्म जैसे दस्तावेज वाट्सऐप के माध्यम से भेजे गए। इन दस्तावेजों पर देव माइनिंग की सील-मोहर लगे होने का दावा किया गया है, जिससे दस्तावेजों की वास्तविकता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की जांच कर यह पता लगाने की मांग की है कि गेटपास और दस्तावेज वास्तविक हैं या फर्जी तथा यदि फर्जी हैं तो इन्हें तैयार करने में किन लोगों की भूमिका रही। वहीं दस्तावेजों पर कंपनी की सील-मोहर के इस्तेमाल को लेकर देव माइनिंग स्तर पर किसी प्रकार की मिलीभगत है या नहीं, इसकी भी जांच की मांग उठाई गई है। नौकरी नहीं लगने के बाद पीड़ितों ने आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन कथित रूप से उन्हें लगातार आज-कल कहकर टाल दिया गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक इस मामले को लेकर बांकीमोंगरा थाने में 7 मार्च 2026 और 4 मई 2026 को आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन पावती नहीं देने और कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि नौकरी की उम्मीद में बैठे बेरोजगार युवाओं से रकम लेकर उन्हें गुमराह करने वाले लोगों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई जरूरी है, ताकि ऐसे मामलों पर पुलिस का भय बना रहे और भविष्य में रोजगार के नाम पर युवाओं से ठगी की घटनाओं पर रोक लग सके। शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने, देव माइनिंग के नाम से बताए जा रहे गेटपास और अन्य दस्तावेजों की सत्यता की जांच कराने तथा पीड़ितों की रकम वापस दिलाने की मांग की है।

- Advertisement -
Latest News

कोरबा जिले में साक्षरता पखवाड़े का शुभारंभ, पहले दिन दिलाई गई साक्षरता की शपथ

कोरबा, 1 सितंबर। जिले में 1 सितंबर से साक्षरता पखवाड़े का उत्साहपूर्वक शुभारंभ हुआ। पखवाड़े के प्रथम दिन जिले...

More Articles Like This