कृषकों को धान कीट एवं रोग प्रबंधन तथा कृषि विभाग की योजनाओं की दी गई जानकारी
कोरबा, 29 सितम्बर 2026। आत्मा (ATMA) योजना अंतर्गत आज ग्राम सकदुकला, विकासखण्ड कोरबा में प्रशिक्षण सह भ्रमण एवं कृषक संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में पुरुष एवं महिला कृषकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कृषि संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में महिपाल उर्रे, वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र, कटघोरा द्वारा कृषकों को वर्तमान खरीफ मौसम में धान की फसल में लगने वाले विभिन्न कीट एवं रोगों की पहचान, उनके कारण तथा प्रभावी नियंत्रण एवं उपचार के संबंध में विस्तारपूर्वक तकनीकी जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने कृषकों को फसल की नियमित निगरानी करने, कीट एवं रोग की प्रारंभिक अवस्था में पहचान कर उचित कृषि वैज्ञानिक सलाह के अनुसार उपचार करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी आर.एस. मरावी द्वारा कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, कृषक हितैषी कार्यक्रमों एवं योजनाओं के लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने कृषकों से विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कृषि विकास अधिकारी श्री प्रेमसाय पैंकरा, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी आर. मसराम, जे.एस. मरकाम, श्रीमती कृष्णा कंवर, श्री जे.एल.खूंटे, श्री मेम सिंह कंवर, सज्जाद मोहम्मद, ग्राम सकदुकला के सरपंच श्रीमती केवरा बाई रठिया, उप सरपंच गोवर्धन सिदार, सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।
कृषक संगोष्ठी के दौरान कृषकों द्वारा अपनी कृषि संबंधी समस्याएं एवं जिज्ञासाएं विशेषज्ञों के समक्ष रखी गईं, जिनका समाधान एवं आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम में महिला कृषकों की भी सक्रिय भागीदारी रही।
आत्मा योजना के अंतर्गत आयोजित इस प्रशिक्षण सह भ्रमण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कृषकों को वैज्ञानिक कृषि तकनीकों, फसल सुरक्षा, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा विभागीय योजनाओं से अवगत कराकर कृषि उत्पादन एवं कृषकों की आय में वृद्धि हेतु प्रोत्साहित करना रहा।

















