सीएसईबी के 1320 मेगावाट संयंत्र निर्माण स्थल से एक लाख के उपकरण चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार,देखिए विडिओ

Must Read

दर्री पुलिस ने चोरी गए शत-प्रतिशत उपकरण किए बरामद, आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा

कोरबा। सीएसईबी के निर्माणाधीन 1320 मेगावाट विद्युत संयंत्र स्थल से औद्योगिक उपकरणों की चोरी के मामले में दर्री पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब एक लाख रुपये कीमत के चोरी गए उपकरण शत-प्रतिशत बरामद कर लिए गए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुधीर जैन की फर्म ‘सिद्धि विनायक एसोसिएट्स’ निर्माणाधीन विद्युत संयंत्र में सब-कॉन्ट्रैक्टर के रूप में कार्य कर रही है। 29 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने निर्माण स्थल से वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर, केबल, कटर मशीन सहित अन्य महत्वपूर्ण उपकरण चोरी कर लिए थे।

घटना के बाद प्रार्थी ने 30 अक्टूबर को थाना दर्री में लिखित शिकायत दर्ज कराई। चोरी गए सामान की कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई। शिकायत पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर दो आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए दर्री पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर संदेही रोहित शुक्ला और संदीप भोई को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने निर्माण स्थल से उपकरण चोरी करना स्वीकार किया।

चोरी गए सभी उपकरण बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पुरानी वेल्डिंग मशीन (VIVGO Plus), एक 14 इंच की चश्मा मशीन (Bosch), दो 4 इंच की प्लाई कटर मशीन तथा एक 7 इंच की ग्राइंडर मशीन बरामद की है। बरामद उपकरणों की कुल अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई है।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी

दर्री पुलिस ने चोरी गए सभी उपकरणों को विधिवत जब्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की। दोनों आरोपियों को 1 नवंबर 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस की इस कार्रवाई से निर्माणाधीन विद्युत संयंत्र स्थल पर चोरी की घटना का खुलासा हुआ है।

- Advertisement -
Latest News

कोरबा में तंबाकू बेचने वालों पर प्रशासन की कार्रवाई, 17 दुकानों की जांच; 11 चालान काटे गए

दर्री और जेलगांव क्षेत्र में चला विशेष अभियान, शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में दुकानदारों को दी...

More Articles Like This