धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के 144 गांवों में जनसमस्याओं के समाधान और शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से पद्मश्री विधायक अनुज शर्मा 25 दिवसीय ‘सेवा संवाद यात्रा’ निकालेंगे। यात्रा का शुभारंभ 22 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ग्राम चरौदा स्थित श्री मुक्तेश्वर शिव मंदिर से हरी झंडी दिखाकर करेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
यात्रा के दौरान विधायक अनुज शर्मा प्रतिदिन 5 से 6 ग्राम पंचायतों का दौरा करेंगे। इस दौरान किसानों, युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में जनचौपाल लगाई जाएगी, जहां स्थानीय समस्याओं और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी मांगों पर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से त्वरित निराकरण का प्रयास किया जाएगा।
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और विकास कार्यों की जमीनी स्थिति की समीक्षा करना है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए गांवों में सीधे लोगों से संवाद किया जाएगा।
यात्रा को लेकर धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के गांवों में तैयारियां की जा रही हैं। शुभारंभ अवसर पर जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के शामिल होने की संभावना है।















